बंद घर का ताला तोड़कर 20लाख के संपत्ति की चोरी।
दरभंगा: दक्षिणी कसरौर गांव में बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 20 लाख रुपए के जेवर, बर्तन और कपड़े चुरा लिए। यह घर राम प्रिया शरण झा और श्याम प्रिया शरण झा का है। दोनों परिवार सहित महाराष्ट्र में रहते हैं।

बेटी की शादी के बाद वे वहीं लौट गए थे। घर की देखरेख की जिम्मेदारी गांव के राजकुमार यादव के पास थी। 29 जून की रात राजकुमार यादव रोज की तरह घर का बल्ब जलाकर अपने घर लौट गए। सुबह 6 बजे जब वे मकान देखने पहुंचे तो गेट का ताला टूटा मिला।

ग्रामीणों के साथ भीतर गए तो सभी कमरों के ताले टूटे थे। आलमारी, ट्रंक और पेटी भी टूटी हुई थी। घर से बक्सा और अटैची गायब थे। खोजबीन में पास के ही राजेश झा की जमीन में तीन टूटे बक्से और एक अटैची मिली। सभी खाली थे। ट्रंक का ताला भी टूटा था। उसमें रखा सामान भी गायब था।

राजकुमार यादव ने बताया कि चोरों ने सोने-चांदी के जेवर, महंगे कपड़े, पीतल और फूल के बर्तन चुरा लिए। अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपए है। घटना की जानकारी महाराष्ट्र में रह रहे घर मालिकों को दे दी गई है। उनके कहने पर राजकुमार यादव ने थाने में लिखित शिकायत दी है।

0 Comment