कमला नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि, कई गांवों का टूटा संपर्क।
दरभंगा: गौड़ाबौराम प्रखंड में कमला बलान नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि से क्षेत्र के कई गांवों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बौराम, गोरामानसिंग और आधारपुर पंचायत के गांवों का प्रखंड मुख्यालय से सड़क संपर्क टूट गया है।

नदी में पानी बढ़ने से चतरा, रही टोल, बौराम मुशहरी और बाथ मंसारा समेत कई गांवों के निचले इलाकों में पानी भर गया है। खेतों में मैनेजरा, मूंग सहित अन्य फसलें डूब गई हैं। आवागमन के लिए नाव एकमात्र साधन बन गया है।

चतरा के ग्रामीण लक्ष्मी सहनी, सतो सहनी, अशोक शर्मा, राम उदगार मंडल और कमलेश यादव ने बताया कि सरकारी नाव सेवा अभी शुरू नहीं हुई है। लोगों को भाड़े की नाव से नदी पार करनी पड़ रही है। पशुओं के चारे के लिए दूर-दूर जाना पड़ रहा है।

अंचल के हल्का कर्मचारी किशल्य कुमार सिंह के अनुसार प्रभावित गांवों का जायजा लिया गया है। उन्होंने जल्द ही सरकारी नाव की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों ने अंचल प्रशासन से नाव सेवा शुरू करने और पशु चारे की व्यवस्था करने की मांग की है।

0 Comment