दरभंगा: दरभंगा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। मधुबनी लोकसभा के सांसद डॉ अशोक यादव के दरभंगा आवास से उनके पुत्र के गायब होने की सूचना सामने आयी है।

Advertisement

बताया जाता है कि रविवार की सुबह सांसद डॉ यादव के लहेरियासराय थानाक्षेत्र के बंगालीटोला स्थित आवास से उनका पुत्र लापता है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उनका 24 वर्षीय पुत्र विभूति यादव दिल्ली में रहकर पढ़ाई करता है। परसो रात ही वह अपने पिता के साथ दरभंगा लौटा था।

रविवार की सुबह वह काले रंग का हाफ पैंट और टीशर्ट पहन कर अपने आवासीय परिसर में टहल रहा था। सुबह करीब आठ बजे सांसद के आवास का गार्ड किसी काम से बाजार निकला और जल्द ही लौटकर आ गया। इसी बीच विभूति गायब हो गया। उसका पर्स और मोबाइल भी घर में ही रखा था। पहले तो परिजनों ने इंतजार किया और फिर अपने स्तर से खोजबीन का प्रयास किया। अंत मे थककर पुलिस को सूचना दी गयी।

सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गयी और खोजबीन में जुड़ गई। स्थानीय थाना के साथ टेक्निकल सेल की टीम ने भी सूचना संकलन कर खोजबीन का प्रयास शुरू कर दिया। इधर सूचना फैलते ही सांसद के आवास पर लोगों का पहुंचना शुरू हो गया।