दरभंगा: जिले में एक महीने पहले जिला अनुकंपा समिति की बैठक जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में हुई थी। बैठक में पथ प्रमंडल के कथित मृतक पथ श्रमिक विष्णु देव यादव के बेटे विकास कुमार यादव को अनुकंपा पर नियुक्ति देने का फैसला लिया गया।

Advertisement

अधीक्षण अभियंता पथ निर्माण विभाग ने सभी प्रमाण पत्रों के साथ नियुक्ति की अनुशंसा समिति को भेजी थी। समिति ने ग्रुप-ग, ग्रेड पे 1900, लेवल-2 में नियुक्ति की सिफारिश की थी।

जिलाधिकारी को मदनलाल ठाकुर का परिवाद पत्र मिला। इसमें आरोप था कि फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र के आधार पर विकास कुमार को अनुकंपा नियुक्ति दी जा रही है। जांच के निर्देश दिए गए। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि विष्णु देव यादव स्वयं उपस्थित होकर आवेदन दिए कि वे जीवित हैं और उनकी मौत की झूठी सूचना देकर नियुक्ति ली जा रही है।

Advertisement

इस पर समिति ने 30 मई 2025 को हुई बैठक में लिए गए नियुक्ति निर्णय को तत्काल प्रभाव से खारिज कर दिया। तत्कालीन कार्यपालक अभियंता ने बिना जांच आवेदन दिया था। उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की गई।

Advertisement

कलुआही, मधुबनी के सांख्यिकी पदाधिकारी सह रजिस्ट्रार (जन्म-मृत्यु) ने विष्णु देव यादव के जीवित रहते मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया। सत्यापन में भी उसे सही बताया। उनके खिलाफ भी कार्रवाई के लिए मधुबनी डीएम को सूचना देने का निर्णय लिया गया।

Advertisement

विकास कुमार, विष्णु देव यादव, उनकी पत्नी शांति देवी और अन्य पर गलत प्रमाण पत्र देकर अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन देने के मामले में जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज करने का निर्णय लिया गया।