दरभंगा: पटना हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति चंद्रशेखर झा और संदीप कुमार शनिवार को दरभंगा पहुंचे। दोनों ने व्यवहार न्यायालय परिसर में ई-सेवा केंद्र का उद्घाटन किया। फीता काटने के बाद दोनों न्यायमूर्तियों ने केंद्र का निरीक्षण भी किया।

Advertisement

न्यायमूर्ति चंद्रशेखर झा ने कहा कि यह केंद्र मुकदमा लड़ने वालों के लिए बड़ी राहत है। अब किसी को जानकारी के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। लोग यहां आकर अपने केस की पूरी जानकारी मुफ्त में ले सकेंगे। उन्होंने इसे न्यायिक व्यवस्था में अहम कदम बताया।

Advertisement

न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने कहा कि अब क्लाइंट को अपने केस की स्थिति जानने के लिए वकील का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अगर कोई मामला कोर्ट में चल रहा है और वकील सही जानकारी नहीं दे रहे हैं, तो यहां आकर ई-कोर्ट के माध्यम से केस का स्टेटस पता चल जाएगा। यह सेवा पूरी तरह नि:शुल्क है। इसमें किसी को कोई पैसा नहीं देना होगा। यह सुविधा कोर्ट के कामकाजी समय में उपलब्ध रहेगी।

Advertisement

उन्होंने कहा कि यह सुविधा गरीब और अमीर सभी के लिए है। सभी लोग आसानी से अपने मुकदमे की जानकारी यहां से ले सकते हैं। अभी तक की सबसे नई सुविधा यहां दी गई है। आगे जरूरत पड़ी तो और सुधार किए जाएंगे। दरभंगा कोर्ट के पास पहले से कई व्यवस्थाएं हैं। जो कमी होगी, उसे पूरा किया जाएगा।

Advertisement

उद्घाटन के दौरान कोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। दरभंगा पुलिस अलर्ट मोड में रही। परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।